जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार दोपहर एक भीषण आतंकी हमला हुआ। आतंकवादियों ने सेना और पुलिस जैसी वर्दी पहनकर पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले में तीन से चार आतंकी शामिल थे, जो अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे, जिनमें AK-47 भी शामिल हैं। इस भयावह हमले में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है।
इस हमले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यापारी श्री दिनेश मिरानिया भी घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा:
“पहलगाम में हुआ यह कायरतापूर्ण आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय है। आतंकवाद एक नृशंस और अमानवीय कृत्य है, जो मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान हो और शोकाकुल परिजनों को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति मिले।


