
भीषण गर्मी के बाद मौसम ने ली राहत की करवट, छत्तीसगढ़ में बारिश और ओलावृष्टि से गिरा तापमान ,आज और कल भी बारिश और आंधी की संभावना
रायपुर। प्रदेश में 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुकी भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार मौसम ने बड़ी राहत दी है। बीते दो दिनों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कोरबा, कवर्धा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और अन्य क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी से हल्की राहत महसूस की जा रही है।


ओलावृष्टि और आंधी ने बदला मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले सप्ताह की तुलना में काफी कम है। वहीं, जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड, अंबिकापुर और बिलासपुर जैसे क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आज और कल भी बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। साथ ही बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अगले 48 घंटों में फिर बढ़ सकता है तापमान
हालांकि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक टिकने वाली नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।




