
पार्षद गोपेश कुमार साहू ने संभाला जोन क्रमांक 9 के अध्यक्ष का पदभार, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। पार्षद गोपेश कुमार साहू ने मंगलवार को रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के अध्यक्ष पद का विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नेताओं, समाजसेवियों और वार्डवासियों ने भाग लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।


पदभार ग्रहण समारोह में विशेष रूप से ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा , विधायक अनुज शर्मा भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर और रायपुर की महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहीं। मंच से सभी जनप्रतिनिधियों ने गोपेश साहू को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके कार्यकाल को विकासमूलक बताते हुए समर्थन का आश्वासन दिया।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि गोपेश साहू जैसे ऊर्जावान और जनता से जुड़े हुए पार्षद के नेतृत्व में जोन 9 निश्चित ही नई ऊंचाइयों को छुएगा। वहीं विधायक मोतीलाल साहू और विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी अपने संबोधन में वार्ड के समग्र विकास की दिशा में मिलकर काम करने की बात कही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने जनप्रतिनिधि से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने की अपेक्षा जताई।
अपने प्रथम उद्बोधन में जोन अध्यक्ष गोपेश कुमार साहू ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और जोन को एक आदर्श जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।




