
सिंघीतराई, छत्तीसगढ़ — आरकेएम पावर प्लांट के मजदूरों ने शनिवार को काम के घंटों में कटौती की मांग को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्लांट के मुख्य गेट के सामने एकत्र होकर सैकड़ों मजदूरों ने एक स्वर में 12 घंटे की वर्तमान ड्यूटी प्रणाली को समाप्त कर 8 घंटे की मानक शिफ्ट लागू करने की मांग उठाई।


धरने में शामिल मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से वे अत्यधिक कार्यभार और शारीरिक थकावट झेल रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। यूनियन नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन केवल मांगों का संघर्ष नहीं, बल्कि श्रमिकों के स्वास्थ्य, मानवीय अधिकारों और कार्यस्थल पर न्यायपूर्ण व्यवहार की लड़ाई है।
शांति पूर्ण आंदोलन, सुरक्षा बल तैनात
धरना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अब तक स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रबंधन उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक धरना जारी रहेगा।

प्रबंधन से वार्ता की उम्मीद
मजदूर यूनियन ने प्लांट प्रबंधन से जल्द से जल्द सकारात्मक संवाद की अपील की है, ताकि यह मुद्दा बातचीत के माध्यम से हल हो सके और उत्पादन कार्य फिर से सामान्य रूप से आरंभ किया जा सके।




