
कांकेर, लारगांव: जिले के मरकाटोला बरपारा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते एक मिस्त्री ने घर में काम कर रही लड़की की बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी का कहना है कि युवती उस पर जादू-टोना कर रही थी।


घर लौटे तो खून से लथपथ बेटी मिली
पीड़िता के पिता ललता मरकाम ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वह नया मकान बनवा रहा था और शनिवार सुबह पत्नी पालो बाई और बेटी टिकेश्वरी के साथ गिट्टी लाने खेत गया था। घर पर उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी अकेली थी। करीब साढ़े दस बजे जब वे घर लौटे, तो मीनाक्षी पूजा घर के सामने खून से लथपथ पड़ी थी।
उसके गले, सिर और कान पर कुल्हाड़ी के गंभीर घाव थे। वहीँ पास में खड़ा मजदूर तुलसीराम निषाद कुल्हाड़ी थामे नजर आया। जब ललता ने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने कहा – “मीनाक्षी मुझ पर जादू-टोना कर रही थी।” इसके बाद वह मौके से भाग निकला।

अस्पताल ले जाया गया लेकिन नहीं बच सकी मीनाक्षी
घटना के समय मीनाक्षी की सांसे अभी चल रही थीं। छोटी बहन टिकेश्वरी ने उसे उठाकर गले लगाया, तब जाकर मीनाक्षी ने हल्की हरकत की। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कांकेर पुलिस की टीम ने मीनाक्षी को तत्काल कोमलदेव शासकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी, कुल्हाड़ी बरामद
एसएसपी आईके एलिसेला के निर्देश पर कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओपी मोहसिन खान और एएसपी दिनेश सिन्हा के नेतृत्व में टीमें गठित कीं। जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी शुरू की गई।
मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिदेसर चौक के पास देखा गया है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तुलसीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल ली। पुलिस ने उसके द्वारा जंगल में छिपाई गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया है। घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।




