अब नहीं सुनाई देगी अमिताभ बच्चन की कॉलर ट्यून, सरकार ने बढ़ती शिकायतों के बाद लिया फैसला
अगर आप भी किसी को कॉल करते समय अमिताभ बच्चन की आवाज़ में साइबर जागरूकता वाला संदेश सुन-सुनकर परेशान हो चुके थे, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। भारत सरकार ने अमिताभ बच्चन की कॉलर ट्यून को बंद करने का फैसला लिया है। यह फैसला यूज़र्स की बढ़ती शिकायतों और कॉलिंग में हो रही देरी को देखते हुए लिया गया है।
कॉलर ट्यून से परेशान थे लोग
40 सेकंड लंबी इस कॉलर ट्यून में बिग बी लोगों को साइबर ठगों से बचने की सलाह देते थे। जैसे – “किसी से भी ओटीपी साझा न करें”, “फर्जी कॉल से सतर्क रहें” आदि। लेकिन वक्त के साथ यह संदेश लोगों के लिए झुंझलाहट का कारण बन गया, खासकर तब जब किसी इमरजेंसी में जल्दी कॉल करना हो।
ट्रोल हुए अमिताभ बच्चन, दिया मजेदार जवाब
सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने अमिताभ बच्चन को ट्रोल करना शुरू कर दिया था। एक यूजर ने लिखा,
“फोन उठाने से पहले आपकी आवाज सुनते-सुनते थक गए हैं।”
इस पर खुद बिग बी ने भी हास्यभरे अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा –
“सरकार ने कहा था, हमने कर दिया।”
क्यों शुरू की गई थी कॉलर ट्यून?
भारत सरकार ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिए थे कि कॉल से पहले साइबर सुरक्षा से जुड़ा जागरूकता संदेश बजाया जाए। इसके लिए सरकार ने अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज को चुना था, ताकि लोगों को ज्यादा प्रभावी ढंग से चेताया जा सके।
अब कॉलिंग होगी सुगम, पर जागरूक रहना जरूरी
हालांकि कॉलर ट्यून हट गई है, लेकिन साइबर फ्रॉड के खतरे अब भी बरकरार हैं। ऐसे में लोगों को अब स्वयं सजग रहना होगा — ओटीपी शेयर न करना, फर्जी लिंक पर क्लिक न करना, और अनजान कॉल्स से सावधान रहना ज़रूरी है।


