Raipur police : नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 से ज्यादा ठेलों और दुकानों पर छापा, हजारों नशीले उत्पाद जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने शहर भर में एक साथ छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीली और प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है। पुलिस ने गोगो पेपर, चिलम, ई-सिगरेट, हुक्का फ्लेवर, सिगार, गुटखा और सिगरेट जैसे नशीले उत्पादों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संजय सिंह और निरीक्षक श्री परेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में रायपुर क्राइम ब्रांच की 20 से अधिक टीमों ने यह कार्रवाई की। इस अभियान में शहर के 200 से अधिक ठेलों, गुमटियों और रोड किनारे की दुकानों की तलाशी ली गई।
छापेमारी के दौरान राजेन्द्र नगर, टिकरापारा, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, गुढ़ियारी, सिविल लाइन, पंडरी, उरला, देवेन्द्र नगर, माना, खम्हारडीह, आजाद चौक, सरस्वती नगर सहित अन्य इलाकों में कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान जब्त की गई सामग्रियों में शामिल हैं:
- 2600 नग गोगो पेपर
- 400 नग रोल पेपर
- 550 नग चिलम
- 10 पैकेट प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर
- 25 नग हुक्का संबंधित अन्य सामान
- 04 पैकेट प्रतिबंधित सिगरेट
- 04 नग सिगार
- 200 पाउच प्रतिबंधित गुटखा
इनमें से अधिकांश सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी गई। वहीं, अवैध बिक्री में लिप्त 11 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थानों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रतिबंधित हुक्का उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गोगो पेपर के डीलर के खिलाफ भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत शंकर नगर स्थित गोगो पेपर के डीलर एवं डिस्ट्रीब्यूटर के.के. ट्रेडर्स के गोदाम में छापेमारी कर 6000 नग गोगो पेपर जब्त किए गए हैं। इसके संचालक और अन्य के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही जारी है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत मोबाइल नंबर 94792-16156, 94792-11933 या हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


