
18 एकड़ जमीन के लिए रची गई शादी की साजिश
सुहागरात से पहले दूल्हे की हत्या
दुल्हन निकली कातिल
जबलपुर/कुशीनगर। जबलपुर के रहने वाले 45 वर्षीय इंद्र कुमार तिवारी को क्या पता था कि जिन रस्मों को वे अपनी जिंदगी की नई शुरुआत मान रहे हैं, वही उनकी आखिरी सांसों की पटकथा बन जाएगी। बड़ी धूमधाम से शादी, जयमाला, फोटोशूट, वीडियो रिकॉर्डिंग के बाद जिस सुहागरात का सपना उन्होंने देखा था, वह एक भयानक साजिश की सच्चाई बनकर सामने आई।


इंद्र कुमार ने खुशी तिवारी नाम की युवती से विवाह किया, जो असल में साहिब बानो थी। उसने अपने प्रेमी कौशल कुमार (फर्जी नाम – संदीप कुमार) और ड्राइवर शमसुद्दीन अंसारी के साथ मिलकर शादी के बहाने इंद्र कुमार को मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी।
शादी के बाद जब सुहागरात की तैयारी चल रही थी, उसी दौरान इंद्र कुमार को नींद की गोलियां मिला पनीर-राइस खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद साहिब बानो उर्फ खुशी, अपने प्रेमी कौशल और ड्राइवर शमसुद्दीन की मदद से इंद्र को कार में डालकर कुशीनगर के एक सुनसान इलाके में ले गई। वहां चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को झाड़ियों में फेंककर तीनों फरार हो गए।

कैसे रची गई साजिश?
दरअसल, कुछ महीने पहले जबलपुर में एक धार्मिक कथा के दौरान इंद्र कुमार ने मंच से कहा था कि वे 45 वर्ष के हैं, अब तक अविवाहित हैं और उनके पास 18 एकड़ जमीन है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे देखकर गोरखपुर की साहिब बानो ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इंद्र को निशाना बनाया। उन्होंने खुद को खुशी तिवारी और अपने प्रेमी को संदीप कुमार बताकर इंद्र से संपर्क साधा और विवाह का झांसा देकर जाल में फंसा लिया।
हत्या के बाद कैसे हुआ खुलासा?
शव बरामद होने के बाद गोरखपुर से मिली जानकारी के आधार पर कुशीनगर पुलिस सतर्क हुई। मोबाइल लोकेशन, होटल बुकिंग और वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पूरी साजिश का खुलासा किया।
गिरफ्तार हुए आरोपी:
- साहिब बानो उर्फ खुशी तिवारी – फर्जी दुल्हन
- कौशल कुमार उर्फ संदीप कुमार – प्रेमी और साजिशकर्ता
- शमसुद्दीन अंसारी – ड्राइवर और शव ठिकाने में मददगार
तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से इंद्र कुमार तिवारी का आधार कार्ड, तस्वीरें और अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं।
यह हत्याकांड उस खौफनाक सच्चाई को उजागर करता है कि लालच के लिए अब शादी जैसे पवित्र रिश्ते को भी निर्दयी अपराध का जरिया बना दिया गया है। कुशीनगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक इंद्र तिवारी की संपत्ति की कानूनी सुरक्षा को लेकर भी पहल शुरू हो चुकी है।




