श्रावण मास में बदले स्कूलों के अवकाश सोमवार को रहेंगे बंद, रविवार को लगेंगे स्कूल

0
67

श्रावण मास में बदले स्कूलों के अवकाश सोमवार को रहेंगे बंद, रविवार को लगेंगे स्कूल

सरकार ने जारी किया आदेश

भीड़, ट्रैफिक जाम और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लिया यह निर्णय

 

बाबा महाकाल
बाबा महाकाल

उज्जैन। श्रावण मास में भगवान महाकाल की भव्य सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उज्जैन जिले के सभी निजी और शासकीय स्कूलों की साप्ताहिक छुट्टियों में बदलाव किया गया है। अब स्कूल रविवार को लगेंगे जबकि सोमवार को अवकाश रहेगा।

इस निर्णय के तहत महाकाल की पांच सवारियों के दिन (सोमवार) को स्कूल बंद रहेंगे और उससे एक दिन पहले यानी रविवार को स्कूल संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों पर लागू होगी।

पहली सवारी 14 जुलाई को, कुल 6 सवारियां होंगी

श्रावण माह की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है और इस बार महाकाल मंदिर से कुल छह सवारियां निकलेंगी। पहली सवारी 14 जुलाई को निकलेगी, इसके बाद 21 जुलाई, 28 जुलाई, 4 अगस्त और 11 अगस्त को क्रमशः द्वितीय से पंचम सवारी निकाली जाएगी।

राजसी सवारी 18 अगस्त को निकलेगी, जो भादौ मास में आती है। उस दिन स्थानीय अवकाश रहेगा, इसलिए रविवार को स्कूल नहीं लगेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग जारी करेगा आदेश

इस व्यवस्था की पुष्टि करते हुए उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी भक्तों और स्कूली बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। जल्द ही स्कूल शिक्षा विभाग इस संबंध में आदेश जारी करेगा, जो सभी निजी और सरकारी स्कूलों पर लागू होगा।

सवारी का मार्ग और समय

भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप से पूजन के बाद गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट शिप्रा तट होते हुए रामानुजकोट, कार्तिक चौक, सत्यनारायण मंदिर, टंकी चौराहा, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार से होकर वापस मंदिर लौटेगी।

भीड़, ट्रैफिक जाम और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन का यह निर्णय स्वागत योग्य माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here