
देशभर में मॉनसून का कहर: कई राज्यों में भारी बारिश, आज तूफान और बारिश की संभावना , सभी स्कूल और कॉलेज बंद ,
सुबह बिजली-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी
स्काईमेट और मौसम विभाग ने देशभर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
देशभर में मॉनसून ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। झांसी, सागर, मंडला, रायसेन, भंडारा और नैनीताल जैसे शहरों में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया है और कई इलाकों में घरों के भीतर तक पानी घुस गया है। यूपी के झांसी में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। वहीं महाराष्ट्र के नागपुर में हालात को देखते हुए बुधवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने नागपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


दिल्ली में आज सुबह तूफान और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज सुबह बिजली चमकने के साथ तेज़ हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में दिल्ली में भारी बारिश के खास आसार नहीं दिख रहे हैं।
देशभर में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट वेदर ने पूर्वानुमान में बताया है कि त्रिपुरा, दक्षिण बांग्लादेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा विदर्भ, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

हल्की बारिश वाले राज्य
उत्तर पंजाब, उत्तर हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भी बारिश के हल्के झोंके देखने को मिल सकते हैं।
अलर्ट जारी
पंजाब, हरियाणा, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के बाद मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।




