बड़ी खबर : शास्त्री चौक क्षेत्र में एक महीने तक रात में वन-वे लागू
रायपुर। राजधानी में स्काई वॉक निर्माण का काम दोबारा शुरू होने के बाद प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 27 नवंबर से शास्त्री चौक के आसपास दो प्रमुख मार्गों पर रात के समय वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था एक महीने तक प्रभावी रहेगी।
निर्देशों के अनुसार, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा।
- पहले 15 दिन: शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए जयस्तंभ चौक तक वन-वे लागू रहेगा।
- अगले 15 दिन: शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक तक वन-वे व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
इस दौरान शहरवासियों को चरणबद्ध तरीके से बदले हुए मार्गों का अनुसरण करना होगा।
प्रशासन ने बताया कि मार्ग परिवर्तन के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बंद मार्गों के प्रवेश व निकास पर रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स, मार्गदर्शन के लिए सूचना बोर्ड और ट्रैफिक नियंत्रण हेतु प्रशिक्षित गार्ड तैनात किए जाएंगे, ताकि रात के समय भी वाहन चालक सुरक्षित व स्पष्ट दिशा में आवाजाही कर सकें।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा और सुविधा के लिए तैयार किए गए इस अस्थायी ट्रैफिक प्लान का पालन करें, जिससे स्काई वॉक निर्माण कार्य बिना रुकावट और बिना दुर्घटना के सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।


