
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही 256 से अधिक चाकुबाजों/बदमाशों सहित अपराधिक तत्वों को तलब कर ली गई उनकी परेड


रायपुर। आगामी वी.आई.पी./वी.वी.आई.पी. दौरे और नवा रायपुर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहर के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए।
निर्देशों के तहत चाकूबाजों और अन्य आपराधिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। इसी क्रम में सोमवार 25 नवंबर 2025 को शहर के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रहने वाले 256 से अधिक चाकूबाजों और अपराधियों को थानों एवं सी-04 भवन में तलब कर उनकी परेड ली।

पुलिस अधिकारियों ने सभी को कड़े शब्दों में समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि यदि वे अपराधों से दूर रहकर शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत नहीं करेंगे, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस द्वारा बुलाए जाने पर तुरंत उपस्थित हों और शहर में सुरक्षा व शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
अभियान के दौरान 256 बदमाशों में से 09 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत तथा 87 अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई।
रायपुर पुलिस का यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आगामी बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया है।




