
अमलीडीह नाबालिग हत्या कांड में बड़ा खुलासा : परिचितों ने ही की हत्या, दो युवक हिरासत में


रायपुर। राजधानी के अमलीडीह क्षेत्र में 22 नवंबर को मिली नाबालिग लड़की की लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुरुआती जांच में हत्या या हादसे को लेकर संदेह बना हुआ था, लेकिन अब मामला पूरी तरह हत्या का होने की पुष्टि हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग लड़की को उसके ही परिचित दो युवकों ने मौत के घाट उतार दिया। घटना से पहले आखिरी बार लड़की इन्हीं दोनों युवकों के साथ देखी गई थी। इस आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच अब हत्या की वजह और वारदात के दौरान मौजूद अन्य संभावित लोगों की भूमिका पर तेजी से आगे बढ़ रही है।
पुलिस फिलहाल दोनों संदिग्ध युवकों से लगातार पूछताछ कर रही है, जिससे जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।




