भीषण गर्मी में जरूरतमंदों के लिए मददगार बना कनिष्का फाउंडेशन, बच्चों और परिवारों को बांटी चप्पल, कपड़े व नाश्ता

0
9
Oplus_131072

भीषण गर्मी में जरूरतमंदों के लिए मददगार बना कनिष्का फाउंडेशन, बच्चों और परिवारों को बांटी चप्पल, कपड़े व नाश्ता

रायपुर। राजधानी रायपुर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़, रायपुर ने जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के लिए सेवा अभियान चलाया। संस्था द्वारा लालपुर बस्ती एवं पचपेड़ी नाका क्षेत्र में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच चाय, बिस्किट, नाश्ता, कपड़े, चप्पल और चॉकलेट का वितरण किया गया।

गर्मी के इस कठिन दौर में जहां अनेक परिवार खुले आसमान के नीचे जीवनयापन करने को मजबूर हैं, वहीं कनिष्का फाउंडेशन ने उनकी जरूरतों को समझते हुए राहत पहुंचाने का प्रयास किया। सेवा अभियान के दौरान लगभग 40 से अधिक बच्चों एवं जरूरतमंद लोगों को चप्पल और कपड़े वितरित किए गए, जबकि 100 से अधिक लोगों के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था की गई।

संस्था के इस मानवीय प्रयास से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली और बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। सेवा कार्य के दौरान संस्था के सदस्यों ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी जाना।

इस सेवा अभियान का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष खुशबू शर्मा ने किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मोहित पुजारी, सचिव आशीष द्विवेदी, कोषाध्यक्ष लोकनाथ साहू सहित सहयोगी सदस्य शकीला खान, नाज़नीन खान एवं बरखा शर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

संस्था की अध्यक्ष खुशबू शर्मा ने बताया कि कनिष्का फाउंडेशन समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 19 जून को भी इसी क्षेत्र में एक और सेवा गतिविधि आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से बच्चों एवं जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है। कनिष्का फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।

“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”खुशबू शर्मा, अध्यक्ष, कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here