ग्रामीणों के द्वार पहुंच रही सरकार : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने घर-घर जाकर सुनीं समस्याएं
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
रायपुर / केंद्र में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े लगातार भटगांव विधानसभा अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर आमजन तक सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी पहुंचा रही हैं।
इसी क्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रविन्द्रनगर, कोइलिजोर एवं संजयनगर में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े घर-घर पहुंचीं, ग्रामीणों का हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से मंत्री जी को अवगत कराया। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना भी है।
ग्रामीणों ने मंत्री के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने एवं त्वरित समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



