रायपुर। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए आंजनेय विश्वविद्यालय में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च तथा ओम नेत्र केंद्र एंड लेजर विजन के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के महानिदेशक डॉ. बी. सी. जैन, कुलपति डॉ. टी. रामाराव, निदेशक डॉ. जयेंद्र नारंग, कुलसचिव डॉ. रुपाली चौधरी एवं निदेशक (अकादमिक) डॉ. संध्या वर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों के जीवन में स्वास्थ्य को शिक्षा के समान महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व से अवगत कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जांच, नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने भी स्वास्थ्य जांच शिविर की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ विद्यार्थी ही बेहतर ढंग से सीखने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान देने में सक्षम होते हैं। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों के हित में स्वास्थ्य एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफल आयोजन के लिए श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च तथा ओम नेत्र केंद्र एंड लेजर विजन का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जनोपयोगी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।






