छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम को निशाना बनाया है। विधायक का मोबाइल फोन हैक होने के बाद उनके व्हाट्सऐप नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने के मैसेज भेजे जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, विधायक मरकाम के पास हाल ही में एक पार्सल के संबंध में फोन आया था। फोन पर बातचीत के कुछ समय बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके व्हाट्सऐप नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर अर्जेंट 76 हजार रुपये की मांग की जाने लगी।
कुछ लोगों ने इन संदेशों को सही मानते हुए पैसे देने की तैयारी भी की, लेकिन कुछ सजग शुभचिंतकों ने सीधे विधायक से संपर्क कर इसकी पुष्टि की। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
विधायक ने लोगों को किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने अपने शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को सतर्क किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया है।
विधायक ने लोगों से अपील की कि उनके नंबर से आने वाले पैसों से संबंधित किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का भुगतान न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी प्रकार के पैसों की जरूरत नहीं है और पैसे मांगने वाले मैसेज हैकर्स द्वारा भेजे जा रहे हैं।
साइबर सेल कर रही मामले की जांच
विधायक ने घटना की सूचना पाली थाना प्रभारी को भी दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि विधायक की ओर से मोबाइल हैक होने की सूचना प्राप्त हुई है। मामले को साइबर सेल भेज दिया गया है। साइबर सेल द्वारा नंबर को रिकवर करने और हैकर्स का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
परिचित के नंबर से पैसे मांगने पर करें पुष्टि
पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी परिचित या रिश्तेदार के मोबाइल नंबर से अचानक पैसे मांगने का मैसेज आता है, तो भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर सीधे संपर्क कर इसकी पुष्टि जरूर करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से भी बचें।






