साधु के वेश में आए ठग, पूजा-पाठ के नाम पर महिला से 15 तोला सोना और 9 हजार नकद ठगे

0
9
साधु के वेश में आए ठग, पूजा-पाठ के नाम पर महिला से 15 तोला सोना और 9 हजार नकद ठगे

रायपुर। फाफाडीह इलाके में साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 15 तोला (150 ग्राम) सोने के जेवर और 9 हजार रुपये नकद ठग लिए। आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग समय में महिला से जेवर लिए और घटना किसी को बताने पर परिवार में अनहोनी होने का डर दिखाया। मामले में गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार की पत्नी नैना से मार्च 2026 में तीन साधुओं ने संपर्क किया था। आरोपियों में से एक ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी जानकारी दी, जो सही निकली। इससे महिला का आरोपियों पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने बीमारी और पारिवारिक समस्याओं को पूजा-पाठ के जरिए दूर करने का दावा किया।

आरोपियों ने शुरुआत में पूजा के नाम पर महिला से करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये लिए। करीब 10 से 12 दिन बाद वे पांच ग्राम की सोने की चेन लेकर गए। इसके बाद भी आरोपी इसी तरह अंतराल में महिला के घर पहुंचते रहे और पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग जेवर लेते रहे। इस तरह आरोपियों ने करीब 150 ग्राम सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए।

महिला को चुप रखने के लिए आरोपियों ने डराया-धमकाया। उन्होंने कहा कि यदि उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में किसी की मौत हो सकती है या बड़ी अनहोनी हो जाएगी। इस डर के कारण महिला ने कई महीनों तक घटना की जानकारी अपने परिवार को नहीं दी।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर से आरोपी महिला को लगातार फोन कर और जेवर व नकदी की मांग करने लगे। इससे महिला को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद 25 सितंबर की रात उसने अपने पति जसवंत परमार को पूरी घटना की जानकारी दी। पति के साथ थाने पहुंचकर महिला ने शिकायत दर्ज कराई।

गंज थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस महिला के पास आए फोन कॉल्स और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तीनों आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here