स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर सीटीयू के तहत स्वच्छता लक्षित इकाइयों का विकास करें: आयुक्त संबित मिश्रा

0
9
स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर सीटीयू के तहत स्वच्छता लक्षित इकाइयों का विकास करें: आयुक्त संबित मिश्रा

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक टीएल समीक्षा बैठक में शहर की स्वच्छता, राजस्व वसूली, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों एवं संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सीटीयू (स्वच्छता लक्षित इकाई) के विकास पर विशेष जोर देते हुए सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने जोन में व्यवहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वच्छता लक्षित इकाइयों का विकास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए, ताकि जनभागीदारी से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।

बैठक में आयुक्त ने कचरा फैलाने, सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) पाए जाने, निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने तथा अवैध विज्ञापन एवं होर्डिंग लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार ई-जुर्माने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रकरण तैयार कर नियमित रूप से जुर्माना वसूली की जाए।

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी जोनों में प्रतिदिन एवं साप्ताहिक राजस्व संग्रहण की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही 31 दिसंबर 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार संपत्तिकर की राशि में 4 प्रतिशत की छूट का लाभ देने तथा अधिकाधिक नागरिकों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रेरित करने को कहा।

आयुक्त ने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी जोनों के वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता से चालू करवाने, आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने तथा पूरे शहर की प्रकाश व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंताओं को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आम नागरिकों से प्राप्त होने वाली सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का जोन स्तर पर नियमित निरीक्षण कर त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। आयुक्त ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों में तेजी लाने तथा प्लेसमेंट कर्मचारियों से संबंधित निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, अतुल विश्वकर्मा, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान सहित सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here