ट्रंप के शपथ समारोह में दिखा था खालिस्तानी आतंकी पन्नू, अब भारत बोला- जो भी विरोधी तत्व हैं…

0
17

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में देखा गया। इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार (24 जनवरी, 2025) को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत विरोधी मामलों को अमेरिका के सामने लगातार उठाया जाता रहा है।

समारोह में गुरपतवंत सिंह पन्नू के खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस पर सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा, “जो भी भारत विरोधी तत्व होते हैं, उनके मुद्दे हम अमेरिका के साथ उठाते रहते हैं।”


अवैध इमिग्रेशन पर क्या बोले रणधीर जायसवाल?

रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम अवैध इमिग्रेशन के खिलाफ हैं। अगर कोई भारतीय नागरिक अवैध दस्तावेजों के जरिए अमेरिका या किसी अन्य देश में गया है, तो भारत उसे वापस लेने के लिए हमेशा तैयार रहता है।”

उन्होंने आगे कहा, “अवैध माइग्रेशन का संगठित अपराध से संबंध होता है, और भारत इस तरह के अपराधों के खिलाफ है। भारत और अमेरिका के बीच आपसी विश्वास मजबूत है, और दोनों देश इसे और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”


अमेरिकी वीज़ा और व्यापार संबंधों पर चर्चा

अमेरिकी वीज़ा प्रक्रिया में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे को अमेरिका के समक्ष लगातार उठा रहा है। उन्होंने कहा, “वीज़ा प्रक्रिया को सरल और तेज़ बनाने से भारत-अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे। इस विषय को भारत के विदेश मंत्री ने अमेरिका के नए विदेश मंत्री के सामने भी रखा है।”

व्यापार संबंधों पर उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका के बीच मजबूत और विशेष व्यापारिक संबंध हैं। व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए हमारे पास स्थापित तंत्र मौजूद हैं, जो दोनों देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करते हैं।”


चीन दौरे पर विदेश सचिव की बातचीत

विदेश सचिव के चीन दौरे पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि वहां चीन के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा, “लीडर्स की कज़ान में हुई मुलाकात और SRs लेवल बातचीत के बाद यह दौरा हो रहा है। इसमें आपसी रुचि के सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।”


पाकिस्तानी डेलिगेशन के बांग्लादेश दौरे पर बयान

पाकिस्तान के डेलिगेशन के बांग्लादेश दौरे पर पूछे गए सवाल पर जायसवाल ने कहा, “हम राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर कड़ी नजर बनाए रखते हैं।”

पाकिस्तान को लेकर उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया जानती है कि आतंकवाद को कौन बढ़ावा देता है और क्रॉस बॉर्डर आतंकवाद का समर्थन कौन करता है। पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद रोकने के लिए कदम उठाने चाहिए।”

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here