सूरत (गुजरात): शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक 23 वर्षीय महिला शिक्षिका पर 13 साल के नाबालिग छात्र को भगाकर ले जाने और उसके साथ संबंध बनाने का आरोप है। मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने दोनों को राजस्थान-गुजरात सीमा के पास बनासकांठा जिले के शामलाजी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने दावा किया कि वह गर्भवती है और बच्चे का पिता वही छात्र है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शिक्षिका और छात्र के बीच काफी समय से नज़दीकी संबंध थे। दोनों 25 अप्रैल को अचानक लापता हो गए, जिसके बाद छात्र के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्र अपनी ट्यूशन टीचर के साथ फरार हो गया है, जो उसी सोसायटी की तीसरी मंज़िल पर रहती है, जबकि छात्र का परिवार दूसरी मंज़िल पर रहता है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच से पुष्टि हुई कि छात्र को महिला ही अपने साथ लेकर गई थी। पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन ट्रैक कर उनकी लोकेशन का पता लगाया और 30 अप्रैल की सुबह राजस्थान सीमा के पास एक बस से दोनों को बरामद किया। उस समय दोनों अहमदाबाद जा रही बस में सवार थे और ठिकाना बदलने की कोशिश कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि समाज और परिवार के दबाव के कारण दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया। उसने यह भी बताया कि वह प्रेग्नेंट है और छात्र ही बच्चे का पिता है। छात्र ने भी कथित संबंध की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने महिला के खिलाफ अपहरण और POCSO (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शिक्षिका एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत है और छात्र को पिछले तीन वर्षों से ट्यूशन पढ़ा रही थी।
छात्र का परिवार राजस्थान का रहने वाला है, जबकि शिक्षिका गुजरात के मेहसाणा जिले की निवासी है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें शारीरिक संबंध, मानसिक स्थिति, और परिवार की भूमिका जैसे कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


