राजा हत्याकांड : प्रेमी संग मिलकर रची साजिश, गिरफ्तारी के बाद मौन रही सोनम, नहीं खाया खाना, नहीं की बात , कहती रही सिर्फ एक बात

0
331

राजा हत्याकांड : प्रेमी संग मिलकर रची साजिश, गिरफ्तारी के बाद मौन रही सोनम, नहीं खाया खाना, नहीं की बात , कहती रही सिर्फ एक बात

इंदौर/शिलांग।
इंदौर की सोनम रघुवंशी राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी बनकर अब देशभर की सुर्खियों में है। शादी के महज एक महीने बाद पति की हत्या के आरोप में घिरी सोनम को मेघालय पुलिस उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर शिलांग ले जा रही है। इस दौरान सोनम पूरी तरह मौन रही—ना किसी से बात की, ना ही खाना खाया। पुलिस ने जब भी बातचीत की कोशिश की, वह सिर्फ इतना कहती रही: “मेरे सिर में दर्द हो रहा है।”

रात भर चुप रही सोनम, खाने से भी इंकार

गिरफ्तारी के बाद जब शिलांग पुलिस सोनम को लेकर निकली, तो रास्ते में उसने एक शब्द तक नहीं कहा। पूछे जाने पर केवल सिरदर्द की शिकायत करती रही। पुलिस के अनुसार, सोनम ने खाना खाने से साफ इनकार कर दिया। बार-बार प्रयासों के बाद भी उसने न तो भोजन ग्रहण किया, न ही कोई संवाद किया।

BR-01PR-6242 नंबर की गाड़ी से हो रहा ट्रांजिट, फ्लाइट से कोलकाता भेजने की तैयारी

जिस गाड़ी में सोनम को ले जाया जा रहा है, उसका नंबर BR-01PR-6242 है। यह गाड़ी बिहार के बक्सर से होते हुए अब पटना पहुंच चुकी है। यूपी सीमा पार करवाने के बाद बिहार पुलिस ने मेघालय पुलिस की मदद की। सोनम को अब 3:55 बजे पटना से कोलकाता की फ्लाइट के जरिए गुवाहाटी और फिर शिलांग पहुंचाया जाएगा।

हत्या की साजिश प्रेमी राज कुशवाहा के साथ, चार कॉन्ट्रैक्ट किलर भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी। यह पूरी तरह से पूर्व नियोजित मर्डर था, जिसमें चार शूटर शामिल थे। सभी को शिलांग बुलाया गया था और अब चारों गिरफ्तार हो चुके हैं।

फोन पर तैयार हुई हत्या की स्क्रिप्ट, प्रेमी शिलांग कभी नहीं आया

शिलांग पुलिस के अनुसार, प्रेमी राज कुशवाहा खुद कभी शिलांग नहीं आया। वह फोन कॉल और चैट के माध्यम से सोनम को निर्देश देता रहा। सोनम ने उसी के कहे अनुसार मुलाकातें की, जगह तय की और हत्या को अंजाम तक पहुंचाया।

पूरी तरह योजनाबद्ध हत्या, अब सोनम से पूछताछ की तैयारी

पुलिस का कहना है कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि महीनों की साजिश का परिणाम था। कब, कहां और कैसे हत्या की जाएगी—सब कुछ पहले से तय था। अब मेघालय पुलिस की अगली चुनौती है सोनम से सच उगलवाना, जो अब तक पूरी तरह चुप है।

आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई और खुलासे होने की उम्मीद है।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here