
5 करोड़ का लालच देकर युवक से 17 लाख की ठगी, आरोपी फरार
टिकरापारा पुलिस ने दर्ज किया 420 का केस, पीड़ित ने बेची थी जमीन
रायपुर। टिकरापारा इलाके के एक युवक से शेयर मार्केट में 5 करोड़ रुपए मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 17 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। पीड़ित युवक की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल मोबाइल बंद कर फरार हो गया है।


पीड़ित हेमंत कुमार धृतलहरे ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान देवपुरी निवासी कुलदीप भतपहरी से थी। कुलदीप ने उसे शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इस लालच में आकर हेमंत ने अपनी जमीन बेचकर कुलदीप को 17 लाख रुपए दे दिए। यह रकम कुलदीप और उसकी बहन ज्योति भारती के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।
कुलदीप ने दावा किया था कि वह डीमेट अकाउंट के माध्यम से रकम नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आईपीओ में निवेश करेगा और इससे 5 करोड़ रुपए तक का मुनाफा मिलेगा। उसने यह भी कहा था कि 2 जनवरी को शेयर लिस्टिंग के समय रकम हेमंत के डीमेट अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाएगी। लेकिन इसके बाद कुलदीप ने मिलना-जुलना बंद कर दिया और न ही हेमंत के डीमेट अकाउंट में कोई रकम ट्रांसफर की।

जब हेमंत ने बार-बार फोन कर पैसे की जानकारी ली, तो आरोपी कभी मुंबई तो कभी सूरत में होने की बात कहकर टालता रहा। डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी हेमंत को न तो मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस हुई। अंततः थक-हारकर हेमंत ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।




