
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जिंदगी पर बनी फिल्म का टीजर रिलीज, संघर्ष की कहानी को परदे पर उतारा गया , देखें टीजर
‘अजय: द स्टोरी ऑफ अ योगी’ के नाम से आ रही फिल्म, अनंत जोशी निभा रहे हैं योगी का किरदार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणादायक जिंदगी अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। उनकी जीवन यात्रा पर आधारित फिल्म ‘अजय: द स्टोरी ऑफ अ योगी’ (Ajey: The Untold Story of a Yogi) का टीजर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में उनके जीवन के शुरुआती संघर्ष से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने तक की कहानी को दिखाया गया है।


उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश के शिखर तक का सफर
योगी आदित्यनाथ की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। उत्तराखंड की वादियों से निकलकर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफर प्रेरणास्पद रहा है। वो न सिर्फ मुख्यमंत्री बने, बल्कि अपने धारदार भाषणों, कड़क प्रशासनिक फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण देश के दिग्गज नेताओं की सूची में शामिल हो गए।
किताब से पर्दे तक पहुंची कहानी
यह फिल्म लेखक शांतनु गुप्ता की चर्चित किताब ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पर आधारित है, जिसने योगी आदित्यनाथ की जीवन यात्रा को विस्तार से लोगों के सामने रखा था। किताब को जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी और अब उसी पर आधारित यह फिल्म बनाई गई है।

दमदार कलाकारों की टीम
फिल्म में अनंत जोशी ने योगी आदित्यनाथ का किरदार निभाया है। अनंत इससे पहले फिल्म ’12वीं फेल’ और वेब सीरीज ‘ये काली काली आंखें’ में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दे चुके हैं। टीजर में उनका अभिनय दमदार नजर आ रहा है।
फिल्म में परेश रावल, पवन मल्होत्रा, राजेश खट्टर और अजय मेंगी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रविंद्र गौतम ने किया है, जबकि इसकी कहानी प्रियंका दुबे और दिलीप झा ने लिखी है।
टीजर में झलका संघर्ष और आत्मबल
टीजर में योगी आदित्यनाथ की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा, गोरक्षपीठ से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक के पड़ाव और समाज सेवा के जज़्बे को दिखाया गया है। फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि कैसे एक निडर, स्पष्टवादी संत, राजनीति की सबसे ऊंची कुर्सी तक पहुंचा।
जल्द होगी सिनेमाघरों में रिलीज
फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अब दर्शकों को इसका बेसब्री से इंतजार है कि ये फिल्म कब सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उम्मीद की जा रही है कि यह बायोपिक लोगों को न सिर्फ पसंद आएगी बल्कि प्रेरणा भी देगी।




