बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण के लिए आज से पंजीयन शुरू, नवंबर में होंगे विकासखंड स्तरीय आयोजन

0
11
बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण के लिए आज से पंजीयन शुरू, नवंबर में होंगे विकासखंड स्तरीय आयोजन

रायपुर। बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण के लिए आज, 1 अक्टूबर से पंजीयन शुरू हो गया है। पंजीयन की प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक चलेगी। तीन चरणों में होने वाले इस आयोजन का विकासखंड स्तरीय चरण नवंबर में आयोजित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।

बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

तीन चरणों में होंगे आयोजन
पंजीयन के बाद प्रतियोगिताओं का आयोजन नवंबर और दिसंबर में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर तक, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तक तथा संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।

11 खेलों में होगी प्रतियोगिता
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाजी में 30 और 50 मीटर स्पर्धा, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी।

हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।

पिछले दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक का पहला संस्करण आयोजित किया था। इसमें 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी।

वर्ष 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए पहले संस्करण के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 और दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here