रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण रोकने, पार्किंग की समस्या दूर करने तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त डीसीपी मध्य विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन, स्नेहिल साहू, अतिरिक्त डीसीपी प्रोटोकॉल पीतांबर पटेल, नगर निगम जोन क्रमांक-4 की कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, एसीपी कोतवाली तथा यातायात पुलिस से एसीपी रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर एवं सीमा अहिरवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारी संघ के लगभग 50 पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
दुकानों के बाहर सामान रखने और अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई
बैठक में व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित व्यावसायिक परिसर तक ही सीमित रखें। सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाकर रखने से पैदल चलने वाले नागरिकों तथा वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, जिससे बाजारों में जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसलिए दुकानों के सामने सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमणमुक्त रखते हुए आवागमन के लिए खाली रखने को कहा गया।
नगर निगम द्वारा स्थानीय रोड वेंडर्स के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड, पुराना नगर निगम कार्यालय, सीरत मैदान और हिन्द स्पोर्ट्स ग्राउंड में दिवाली बाजार की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम की टीम बाजार क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेगी। सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जवाहर बाजार में पार्किंग करने की अपील
बाजारों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सदस्यों के वाहन जवाहर बाजार में निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएं। दुकानों के सामने उपलब्ध स्थान को ग्राहकों के आवागमन और आवश्यक पार्किंग के लिए खाली रखा जाए।
इसके साथ ही व्यापारियों को सुझाव दिया गया कि चार से पांच दुकानदार आपसी समन्वय से सामूहिक पार्किंग की व्यवस्था करें, ताकि बाजार की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और यातायात सुचारू बना रहे।
सीसीटीवी कैमरों की जांच और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था पर जोर
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल ने व्यापारियों से अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए और खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराया जाना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने व्यापारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आवश्यकता के अनुसार दुकानों और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया।
सार्वजनिक स्थान पर ठेले लगवाकर किराया वसूलने पर कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि कोई दुकानदार अपनी दुकान के सामने सार्वजनिक स्थान पर ठेले लगवाकर उनसे किराया वसूलता है और शिकायत की जांच में इसकी पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले के तथ्यों और लागू नियमों के अनुसार दुकान सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नगर निगम की टीम बाजार क्षेत्रों में निगरानी रखेगी और अतिक्रमण अथवा यातायात बाधित करने के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
बाजारों में पुलिस और यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यस्त बाजार क्षेत्रों में पुलिस एवं यातायात पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। पुलिस टीमें नियमित पेट्रोलिंग कर यातायात की स्थिति पर नजर रखेंगी। जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर आवागमन सुचारू बनाने का प्रयास किया जाएगा।
जाम की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर दें
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि शहर के किसी भी बाजार, प्रमुख मार्ग या अन्य क्षेत्र में यातायात जाम की स्थिति बनने पर हेल्पलाइन नंबर **94792-10632** पर सूचना दें। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जाम दूर करने और यातायात सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी।
रात 11 बजे के बाद और सुबह 10 बजे से पहले करें लोडिंग-अनलोडिंग
यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकानों के बाहर सामान फैलाकर न रखें और अतिक्रमण से बचें। सामान की लोडिंग-अनलोडिंग रात 11 बजे के बाद तथा सुबह 10 बजे से पहले की जाए, ताकि व्यस्त समय में बाजारों में यातायात प्रभावित न हो। व्यापारियों से कर्मचारियों के वाहनों की निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था करने तथा सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
आम नागरिकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर, नगर निगम और व्यापारी संघ के आपसी समन्वय से त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के प्रयास किए जाएंगे।






